सिंगरामऊ व जमऊपट्टी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला

*सिंगरामऊ व जमऊपट्टी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला*

 

*91 मरीजों का हुआ उपचार, बढ़ती गर्मी के कारण सुबह ही मरीजों से भरा खचाखच ओपीडी कक्ष*

********************

*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

जौनपुर जिले के सिंगरामऊ और जमऊपट्टी में रविवार को सीएचसी अधीक्षक बदलापुर डॉक्टर संजय दुबे के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। प्रदेश सरकार की पहल पर आयोजित इन मेलों में कुल 91 मरीजों का उपचार किया गया।

 

सिंगरामऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित मेले में 80 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई। यहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा के कक्ष में सुबह से ही मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बढ़ती गर्मी के कारण सुबह 9 बजे तक लगभग 50 मरीज पंजीकरण करा चुके थे। डॉ. वर्मा ने बताया कि वृद्धों और छोटे बच्चों को प्राथमिकता देते हुए पहले उनका उपचार किया गया। हालांकि, खून सहित अन्य आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध न होने से मरीजों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ा।

 

सिंगरामऊ में डॉ. अभिषेक वर्मा के साथ महिला चिकित्सक डॉ. श्रुति पांडे, पूजा त्रिपाठी तथा फार्मासिस्ट श्रीराम यादव की टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। वहीं, जमऊपट्टी में आयोजित मेले में डॉ. सुशील यादव, डॉ. मनीष मौर्य, एएनएम मीरा यादव एवं वार्ड बॉय मोने अली की देखरेख में 11 मरीजों का उपचार किया गया।

 

मेले में पहुंचे अधिकांश मरीज खांसी, जुकाम, टाइफाइड, एलर्जी और कुछ मामलों में डायरिया से पीड़ित पाए गए। जांच संबंधी जरूरत वाले मरीजों को बदलापुर में जांच कराने की सलाह दी गई, जबकि कुछ मरीज निजी जांच केंद्रों का सहारा लेते भी नजर आए।

 

महिला चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें आयरन की गोलियां वितरित कीं और संतुलित आहार—जैसे दाल, दलिया और हरी सब्जियों के सेवन की सलाह दी। साथ ही, स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरों से बचाव हेतु मच्छरदानी के उपयोग, धूप से बचने तथा पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेने की सलाह दी।

 

इसके अलावा, लोगों को खाली पेट घर से बाहर न निकलने और किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए जागरूक किया गया। मेले में पहुंचे मरीजों ने अस्पताल में उपलब्ध निःशुल्क दवाइयों एवं सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे गरीबों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *