*जौनपुर में साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 240 गुमशुदा मोबाइल बरामद*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मंगलवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए 240 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 56 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिए।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई के साथ ही साइबर क्राइम थाना जौनपुर द्वारा अब तक कुल 1400 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि गुमशुदा मोबाइलों के संबंध में प्राप्त प्रार्थना पत्रों और सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर टीम ने अभियान चलाकर इन फोनों को बरामद किया।
बरामद मोबाइल जौनपुर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा प्रदेश के आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही सहित अन्य जिलों से भी मिले हैं। वहीं, कुछ मोबाइल दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार और राजस्थान जैसे अन्य राज्यों से भी बरामद किए गए हैं।
बरामद मोबाइल फोन में वन प्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग कंपनियों के फोन शामिल हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाने में गुमशुदगी दर्ज कराएं और इसके बाद सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत अवश्य करें। उन्होंने साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता को बेहद जरूरी बताया।
उन्होंने कहा कि किसी भी साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करें। इसके अलावा, नजदीकी थाने की साइबर हेल्पडेस्क पर जाकर भी लिखित शिकायत की जा सकती है।
