*सिंगरामऊ क्षेत्र में उर्वरक दुकानों पर कृषि विभाग का छापा*
*अधिक मूल्य वसूलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी*
*******************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ (जौनपुर)। किसानों को निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कृषि विभाग की टीम ने शनिवार को सिंगरामऊ एवं आसपास के क्षेत्रों में उर्वरक दुकानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानों का निरीक्षण किया गया, जबकि कुछ दुकानें बंद मिलीं।
छापेमारी का नेतृत्व उप कृषि निदेशक अश्वनी कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, जिला सहायक कृषि अधिकारी सुनील सिंह एस एम एस बदलापुर तथा कृषि विभाग के अधिकारी रविन्द्र पाल ने किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उर्वरकों की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री अभिलेख एवं निर्धारित मूल्य पर बिक्री की जांच की। जांच में उन्नत खाद भंडार, खजुरन पर अनियमितताएं पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया, जबकि विनोद बीज भंडार, सिंगरामऊ को कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई।
अधिकारियों ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को उर्वरक केवल शासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही उपलब्ध कराया जाए। निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने, कालाबाजारी अथवा अन्य अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर लाइसेंस निरस्त करने के साथ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के उर्वरक विक्रेताओं में हड़कंप मच गया, वहीं किसानों में यह उम्मीद जगी है कि अब उन्हें उर्वरक निर्धारित मूल्य पर आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।
