*11 हजार वोल्ट लाइन से निकली चिंगारी से आग, 6-7 बीघा गेहूं जलकर खाक*
********************
*संवाद: अजय पांडे*
बदलापुर (जौनपुर)। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बीरभानपुर के भगतपुर गांव में रविवार को 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन से निकली चिंगारी के कारण भीषण आग लग गई, जिसमें लगभग 6 से 7 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 11000 वोल्ट की लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी गिरी, जिससे खेतों में खड़ी गेहूं की फसल ने आग पकड़ ली। तेज हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे आसपास के अन्य खेतों को बचा लिया गया।
इस अग्निकांड में सत्य प्रकाश दुबे, दिनेश कुमार दुबे, जयप्रकाश दुबे, बालकृष्ण शुक्ला, ओम प्रकाश शुक्ला, अशोक शुक्ला, शिवकुमार शुक्ला, देवेंद्र नाथ दुबे, अंकित पांडे और गणेश पांडे की गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
आग से हुए नुकसान के बाद प्रभावित किसानों में मायूसी छाई हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
