*जमऊपट्टी से कांवड़ियों का जत्था देवघर रवाना*
*आदि गंगा गोमती और गंगाजल से बाबा बैद्यनाथ का करेंगे जलाभिषेक, ग्राम प्रधान ने सकुशल यात्रा की कामना के साथ भेजी अर्जी*
*******************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ। सावन के पावन मास में भगवान शिव की आराधना और जलाभिषेक के लिए सिगरामऊ क्षेत्र के ग्राम पंचायत जमऊपट्टी से शिवभक्त कांवड़ियों का जत्था गुरुवार को भगवा वस्त्र धारण कर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कांवड़ियों ने बताया कि वे अपने क्षेत्र से होकर बहने वाली आदि गंगा गोमती का पवित्र जल भी अपने साथ लेकर जा रहे हैं। इसके साथ ही वे गंगाजल भी लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे। वहां गोमती जल और गंगाजल को मिश्रित कर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे तथा क्षेत्र, परिवार और समाज की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना करेंगे।
कांवड़ियों को विदा करने के लिए ग्राम प्रधान, क्षेत्रीय लोग और उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस दौरान डीजे की धुन पर गूंजते “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान ने कांवड़ियों के साथ क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और सभी ग्रामीणों के कल्याण की कामना को लेकर अपनी अर्जी भी बाबा बैद्यनाथ के चरणों में अर्पित करने के लिए भेजी। ग्राम प्रधान एवं परिजनों ने सभी कांवड़ियों के सकुशल देवघर पहुंचने, बाबा बैद्यनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक करने तथा सुरक्षित घर लौटने की मंगलकामना की।
कांवड़ियों के प्रस्थान के दौरान ग्रामीणों में धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल बना रहा। श्रद्धालु पूरे मार्ग में भगवान शिव का जयघोष करते हुए देवघर की ओर रवाना हुए।
