*सिंगापुर में नौकरी दिलाने के नाम पर 6.62 लाख की ठगी, चार पर केस*
*****”***************
*अरुण कुमार (जिला ब्यूरो)*
खुटहन (जौनपुर)। सिंगापुर की कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख 62 हजार रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गजेंद्रपुर गांव निवासी पवन सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पिता विजय प्रताप सिंह की मुलाकात सूरत में सुजानगंज क्षेत्र के ऊचगांव निवासी उमाशंकर सिंह से हुई थी। उमाशंकर और उसके रिश्तेदारों ने उसके भाई अमन को सिंगापुर में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और खुद को कंपनी का एजेंट-ब्रोकर बताया।
आरोप है कि विश्वास में लेकर अलग-अलग तिथियों में कुल 6,62,450 रुपये ऑनलाइन व नकद ले लिए गए और बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र भी दे दिया गया। जांच करने पर कंपनी के अस्तित्व में न होने का पता चला। पैसे मांगने पर आरोपित टालमटोल करने लगे और धमकी भी दी।
पुलिस ने उमाशंकर सिंह, विनिता सिंह, चंद्रभान सिंह (मुंबई निवासी) और अभय प्रताप सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
