जौनपुर रियासत में परंपरागत शस्त्र पूजन और राजदरबार का आयोजन

*जौनपुर रियासत में परंपरागत शस्त्र पूजन और राजदरबार का आयोजन*

*********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

 

जौनपुर। विजयदशमी के अवसर पर जौनपुर रियासत के 12वें नरेश कुंवर अवनींद्र दत्त ने राज पुरोहित पंडित जनार्दन मिश्र के सानिध्य में वैदिक विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। यह ऐतिहासिक परंपरा वर्ष 1778 में राजा शिवलाल दत्त द्वारा प्रारंभ की गई थी और तब से निरंतर हर वर्ष विजयदशमी पर इसका आयोजन किया जाता है।

 

शस्त्र पूजन के उपरांत राजदरबार का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के व्यापारी, ठिकानेदार, राज वैद्य, हकीम सहित अन्य गणमान्य लोग पारंपरिक परिधान में उपस्थित हुए। दरबार में शामिल लोगों ने राजा की नजर उतारने की प्रथा निभाई और उनके प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की।

 

इसके बाद पोखरा स्थल पर राजा कुंवर अवनींद्र दत्त के हाथों परंपरागत रावण दहन संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए गांव-देहात से हजारों की संख्या में लोग उमड़े। रावण दहन के पश्चात शमी पूजन कर राजा हवेली लौटे, जिसके साथ विजयदशमी के अनुष्ठान पूर्ण हुए।

 

हवेली के प्रतिनिधि और राज डिग्री कॉलेज के पूर्व प्राचार्य कैप्टन (डॉ.) अखिलेश्वर शुक्ला ने जानकारी दी कि राजदरबार की परंपरा की शुरुआत जौनपुर के पहले राजा शिवलाल दत्त ने 1798 में की थी, जबकि रानी तिलक कुंवर ने 1848 में पोखरा पर विजयदशमी मेले की नींव रखी थी।

 

आज भी यह परंपरा जौनपुर की गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत बनाए हुए है और हर वर्ष विजयदशमी पर राजघराने की शान और परंपरा की झलक दिखाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *