*रारी-अगरौरा गांव के मध्य पीली नदी पर 15.23 करोड़ रुपये से होगा सेतु निर्माण *
प्रेम शर्मा
जौनपुर बदलापुर विधायक रमेशचंद्र मिश्र के प्रयास से क्षेत्रवासियों के आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पीली नदी पर बदलापुर के रारी और बक्शा ब्लाक के अगरौरा गांव के मध्य लगभग 15 करोड़ 23 लाख 47 हजार रुपये की लागत से सेतु का निर्माण कराया जाएगा।धन की स्वीकृति मिलते ही पुल निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। लंबे समय से प्रस्तावित सेतु की लंबाई 75 मीटर और चौड़ाई 23 मीटर होगी। जिससे भारी वाहनों के साथ-साथ सामान्य यातायात भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा। इसके अतिरिक्त दोनों ओर दो-दो सौ मीटर लंबे पहुंच मार्ग का भी निर्माण किया जाएगा।
विभागीय स्तर पर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। परियोजना की एफसी (फाइनेंशियल क्लीयरेंस) कराकर धन स्वीकृति के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। लोगों का कहना है कि पुल बनने से क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
