*अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से मचा हड़कंप*
प्रेम शर्मा
जौनपुर:सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीकपुर आईटीआई के पास बुधवार की सुबह सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह दस बजे टहल रहे लोगों ने जब सड़क किनारे शव देखा तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी।कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि करीब 10 बजे सूचना मिली कि जौनपुर-शाहगंज मार्ग के किनारे एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि मृतक की उम्र लगभग 48 वर्ष है।उसने काले रंग का जैकेट तथा सिर पर टोपी पहन रखी है। प्रथम दृष्टया किसी तरह की चोट के निशान स्पष्ट नहीं मिले, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए इसकी पहचान के लिए एक विशेष टीम भी गठित कर दी है। आस-पास के थानों में भी सूचना भेजी गई है ताकि मृतक की शिनाख्त जल्द से जल्द हो सके। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत व्याप्त है और लोग अलग-अलग चर्चाएँ कर रहे हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
