सबसे प्राचीन चौरा माता मंदिर में दीपावली पर उमड़ी श्रद्धा की भीड़

*सबसे प्राचीन चौरा माता मंदिर में दीपावली पर उमड़ी श्रद्धा की भीड़*

*भक्तों ने जलाए हजारों दीए, दर्शन मात्र से होती है मनोकामना पूर्ण*

*********************

*संवाद:प्रेम शर्मा*

बदलापुर (जौनपुर)। दीपावली के पावन पर्व पर बदलापुर थाना क्षेत्र के मछली गांव स्थित प्राचीन चौरा माता एवं दुर्गा माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने माता के दरबार में दीए जलाकर परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।

 

मछली गांव के दक्षिण-पूर्वा स्थित यह मंदिर क्षेत्र का अत्यंत प्राचीन और आस्था का केंद्र माना जाता है। मान्यता है कि चौरा माता गांव की कुलदेवी हैं और उनके दर्शन मात्र से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मंदिर परिसर में दीपावली के अवसर पर भक्तों ने हजारों दीए जलाए और माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

 

मंदिर परिसर के सामने भैरवनाथ की प्रतिमा भी स्थापित है, जहां श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा अर्चना करते हैं। चौरा माता मंदिर की सुंदर वास्तुकला और प्राकृतिक वातावरण श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है।

 

मंदिर में प्रतिदिन पुजारी पंडित चंद्रधर शुक्ल विधि-विधान से पूजा अर्चना करते हैं। नवरात्रि के दोनों पर्वों पर यहां विशेष पूजन होता है, जिसमें दूर-दराज़ से आने वाले भक्त बड़ी संख्या में भाग लेते हैं।

 

दीपावली की रात मंदिर प्रांगण दीपों की रौशनी से जगमगा उठा और भक्तों ने माता से सुख-शांति, समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *