*जौनपुर/महराजगंज बाजार में दर्दनाक हादसा*
*ट्रैक्टर की चपेट में आया डेढ़ वर्षीय मासूम, हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम*
********************
*संवाद: ओमप्रकाश मिश्रा*
जौनपुर जिले के महराजगंज बाजार में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां घर के सामने खेल रहे डेढ़ वर्षीय मासूम की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान महराजगंज बाजार निवासी रवि मोदनवाल के डेढ़ वर्षीय पुत्र अभि मोदनवाल के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभि अपने घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान सुजानगंज की ओर से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर मासूम को रौंदते हुए निकल गई।
हादसे में अभि गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है तथा वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
