*मोटरसाइकिल की टक्कर से आलू व्यापारी की मौत, आवारा गोवंश बने हादसे की वजह*
अशोक कुमार वर्मा*लम्भुआ सुल्तानपुर*
लम्भुआ नगर पंचायत क्षेत्र के केशव नगर में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आलू व्यापारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान कलाम नगर निवासी कौशर राइन के रूप में हुई है, जो केशव नगर में किराए पर दुकान लेकर आलू का व्यापार करते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब कौशर राइन सड़क पार कर रहे थे, उसी दौरान मंडी क्षेत्र में दो आवारा गोवंश आपस में भिड़ गए। अचानक सामने गोवंश आ जाने से एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सड़क पार कर रहे व्यापारी को जोरदार टक्कर लग गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में उन्हें तुरंत लम्भुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने मोटरसाइकिल सवार शंकरपुर निवासी युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में स्थानीय लोगों ने स्थिति को संभाला।
इस घटना ने एक बार फिर लम्भुआ नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत के पास संसाधन होने के बावजूद केटल कैचर वाहन धूल और जंग खा रहा है। न तो नगर पंचायत अध्यक्ष और न ही अधिशासी अधिकारी आवारा गोवंशों की समस्या को लेकर गंभीर दिखाई दे रहे हैं।
आवारा गोवंश आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, लेकिन उन्हें पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर रखने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही है। लोगों का कहना है कि यह विषय अत्यंत गंभीर है और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में और भी बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
अब देखना यह है कि नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि कब कुंभकरणी नींद से जागते हैं और इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाते हैं।
