*प्रतापगढ़ पुलिस और लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश हुए घायल एक के पैर में लगी गोली*
*नगर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ में ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नगर कोतवाली क्षेत्र के गड़ई चकदईया इलाके में पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार किया, जिनमें से एक बदमाश को पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान अभिषेक सरोज के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है,
जहां उसका इलाज जारी है। उसके दूसरे साथी रंजीत को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों बदमाशों के कब्जे से लूट के 7 मोबाइल फोन, एक पर्स, एक बाइक और एक तमंचा बरामद किया है। बताया जा रहा है कि इन बदमाशों ने सोमवार को बाजार जा रही एक महिला से पर्स और मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। तभी से पुलिस उनकी तलाश कर रही । आज नगर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक से आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभिषेक सरोज के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे बदमाश को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
