परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में अब कक्षा 5 तक के विद्यार्थी डेक्स बेंच पर करेंगे पढ़ाई

*परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में अब कक्षा 5 तक के विद्यार्थी डेक्स बेंच पर करेंगे पढ़ाई*

*********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर।

जिले के परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में अब कक्षा पांच तक के विद्यार्थी डेस्क और बेंच पर बैठकर पढ़ाई करेंगे। शासन के निर्देश के बाद विद्यालयों को फर्नीचर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस पहल से जिले के कुल लगभग 3.64 लाख छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा।

 

अब तक प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा तीन से पांच तक के छात्रों को टाट-पट्टी पर बैठकर अध्ययन करना पड़ता था। खासकर सर्दियों के मौसम में इससे बच्चों को काफी असुविधा होती थी, जिसका असर उनकी उपस्थिति और पढ़ाई पर भी पड़ता था। डेस्क-बेंच की सुविधा मिलने से छात्रों को न सिर्फ आरामदायक माहौल मिलेगा, बल्कि पढ़ाई में भी एकाग्रता बढ़ेगी।

 

शासन की ओर से इस योजना के तहत विद्यालयों में फर्नीचर की खरीद के लिए करीब 9 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम पोर्टल) के माध्यम से फर्नीचर की खरीद की जा रही है।

 

जिले में कुल 2807 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें लगभग तीन लाख 64 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें 1930 प्राथमिक विद्यालय, 411 उच्च प्राथमिक विद्यालय और 466 कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं।

 

जौनपुर के बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. गोरखनाथ पटेल ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले सभी छात्रों को फर्नीचर की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है और जिले के चार ब्लॉकों के विद्यालयों में फर्नीचर पहुंच चुका है।

 

उन्होंने बताया कि कुछ विद्यालयों में पहले से ही कायाकल्प योजना अथवा पंचायत स्तर से डेस्क-बेंच की व्यवस्था की जा चुकी थी। शेष बचे विद्यालयों में भी शीघ्र ही फर्नीचर उपलब्ध करा दिया जाएगा, जिससे जिले के शत-प्रतिशत परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को इस सुविधा का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *