*दरोगा की हत्या के प्रयास में चार वांछित अभियुक्त गिरफ्तार*
*संवाददाता: माता चरण पांडे*
मछली शहर: —
जौनपुर जिले के मछलीशहर थाना क्षेत्र में उपनिरीक्षक पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोमवार सुबह करौरा नहर पुलिया के पास की गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मछलीशहर क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने बताया कि घटना 2 जनवरी की है। थाना बरसठी में तैनात उपनिरीक्षक पारसनाथ यादव ड्यूटी पर जाते समय थाना मछलीशहर क्षेत्र के ग्राम रामपुर कला (भाट का पूरा) के पास एक सुनसान स्थान पर पहुंचे थे, तभी पहले से घात लगाए अभियुक्तों ने उन्हें घेर लिया और प्राणघातक हमला कर दिया। अभियुक्तों ने मारपीट कर उपनिरीक्षक को मरा हुआ समझकर छोड़ दिया था।
घटना के अगले दिन 3 जनवरी को इस मामले में थाना मछलीशहर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस टीम लगातार अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आजमगढ़ जनपद निवासी बृजेश गुप्ता (25), तौसीफ (24), सेराज (24) तथा चन्द्रजीत यादव (40) के रूप में हुई है। अभियुक्त एक पिकअप वाहन में सवार थे, जिसमें तीन भैंस और एक पड़वा लदा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए चालान माननीय न्यायालय भेजा गया है। अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
