*कुएं में गिरा गोवंश, फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से निकाला बाहर*
*********************
*संवाद: माता चरण पांडे*
बरईपार।
तेजी बाजार थाना क्षेत्र के कटका गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के एक कुएं में अचानक एक गौवंश गिर गया। कुएं में गौवंश के गिरने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और उसे सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए।
घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद कुएं में गिरे गौवंश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इस दौरान गोरक्षक दुर्गेश उपाध्याय एवं हर्ष मिश्रा का विशेष सहयोग सराहनीय रहा। दोनों ने न केवल प्रशासनिक टीम के साथ समन्वय स्थापित किया, बल्कि ग्रामीणों को भी राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय रूप से जोड़कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गौवंश को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और गोरक्षकों व फायर ब्रिगेड टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। समय रहते किए गए इस प्रयास से एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।
