जौनपुर के दो बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार

*सुल्तानपुर में पुलिस मुठभेड़*

 

*जौनपुर के दो बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार*

*********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

सुलतानपुर। जनपद सुलतानपुर के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में जौनपुर के दो शातिर अपराधी घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाशों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, डीसीएम ट्रक चोरी के दो आरोपितों के एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार से पाखरौली रेलवे क्रॉसिंग की ओर जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसओजी टीम और थाना कोतवाली देहात पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।

 

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान एहतेशाम पुत्र जुबैर, निवासी मझदिहा, थाना शाहगंज, जनपद जौनपुर और अनवर पुत्र लियाकत अली, निवासी पटेला, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है।

 

अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने शनिवार को बताया कि यह गिरोह डीसीएम ट्रक चोरी की वारदातों में संलिप्त था। इस मामले में गिरोह के कुल पांच सदस्य शामिल थे, जिनमें से दो को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस गिरोह के चार सदस्यों ने वर्ष 2023 में थाना गोसाईगंज क्षेत्र से 34 टन सरिया की लूट की घटना को भी अंजाम दिया था, जिसमें चार आरोपित पहले ही प्रकाश में आ चुके हैं।

 

एएसपी ने बताया कि डीसीएम चोरी के पांच आरोपितों में से एक अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *