ड्यूटी के दौरान नशे में हंगामा, करने पर बंदी रक्षक निलंबित

*ड्यूटी के दौरान नशे में हंगामा, करने पर बंदी रक्षक निलंबित*

*********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। जिला कारागार में ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में एक बंदी रक्षक को शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया। जेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की है।

 

जानकारी के अनुसार बंदी रक्षक अजीत कुमार वर्मा गुरुवार की रात ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान वह नशे की हालत में गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगा। काफी देर तक चले इस हंगामे से कारागार परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार देर रात करीब 11 बजे बंदी रक्षक को जिला चिकित्सालय ले जाया गया। चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान डॉक्टर ने अपनी रिपोर्ट में उसके मुंह से शराब और गुटखे की गंध आने का उल्लेख किया।

 

इस संबंध में शुक्रवार को जेल अधीक्षक पवन त्रिवेदी ने बताया कि ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में अनुशासनहीनता करने के आरोप में संबंधित बंदी रक्षक के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया था। प्रारंभिक जांच के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है तथा आगे की विभागीय कार्रवाई प्रचलित है।

 

जेल अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कारागार में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में इस तरह की हरकत करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *