*सिंगरामऊ पुलिस ने अवैध असलहा व कारतूस के साथ दो अभियुक्तों को किया गिरफ्तार*
*********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
जौनपुर। पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को सिंगरामऊ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी बदलापुर के कुशल पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सै. हुसैन मुन्तजर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को अवैध असलहा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 03 जनवरी 2026 को उप निरीक्षक वंशराज दूबे पुलिस टीम के साथ साढापुर रेलवे अंडरपास के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
पकड़े गए पहले व्यक्ति ने अपना नाम धर्मेन्द्र कुमार निषाद पुत्र हरिशंकर निषाद, निवासी ग्राम साढापुर, थाना सिंगरामऊ, जनपद जौनपुर, उम्र करीब 25 वर्ष बताया। उसकी तलाशी लेने पर पैंट की कमर में बाईं तरफ छिपाकर रखा गया एक अदद तमंचा .315 बोर तथा बाईं जेब से एक अदद जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ।
वहीं दूसरे अभियुक्त ने अपना नाम विपिन कुमार गौतम पुत्र गिरजाशंकर गौतम, निवासी ग्राम साढापुर, थाना सिंगरामऊ, जनपद जौनपुर, उम्र करीब 25 वर्ष बताया। उसकी पैंट की दाहिनी जेब से एक अदद जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को उनके अपराध से अवगत कराते हुए समय करीब 07:50 बजे गिरफ्तार किया। इस संबंध में थाना सिंगरामऊ पर मु.अ.सं. 01/26 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
