प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने, पति को उतारा मौत के घाट

*प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने, पति को उतारा मौत के घाट*

शिव पूजन मिश्र

जौनपुर: बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के भलुवाही गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव उसके घर के बाहर बने मड़हे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान चंद्रदीप गौतम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक के परिजनों ने चौंकाने वाला आरोप लगाते हुए बताया कि चंद्रदीप की पत्नी और उसके चचेरे मामा के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि अवैध संबंधों में बाधा बनने के कारण दोनों ने मिलकर चंद्रदीप की गला दबाकर हत्या कर दी और घटना को छिपाने के लिए शव को घर के बाहर मड़हे में छोड़ दिया।

परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी और उसके चचेरे मामा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने का प्रयास कर रही है।

घटना के बाद पूरे भलुवाही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं और फोरेंसिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट  के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में विश्वास के टूटने और अवैध संबंधों से उपजे गंभीर अपराधों की ओर इशारा करती है। फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!