पुलिस मुठभेड़ में एक अभियुक्त घायल, तमंचा-कारतूस व गोवंश बरामद

*पुलिस मुठभेड़ में एक अभियुक्त घायल, तमंचा-कारतूस व गोवंश बरामद*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल *

प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार सुबह थाना लीलापुर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज आशुतोष मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लीलापुर मनोज कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ गश्त व चेकिंग पर थे। इसी दौरान लोनी नदी के पास ग्राम हंडौर के समीप संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में युवराज पुत्र भुल्लर निवासी ग्राम कुल्हनामऊ, थाना बक्शा, जनपद जौनपुर (उम्र लगभग 22 वर्ष) के बाएं पैर में गोली लग गई।

घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल प्रतापगढ़ भेजा गया है। वहीं दूसरा अभियुक्त भौगोलिक परिस्थितियों का लाभ उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने मौके से अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक पिकअप वाहन तथा एक राशि नर गोवंश बरामद किया है। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना लीलापुर में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *