*शाहगंज तहसील में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, चकबंदी कानूनगो ₹10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार*
*******************
*संबाद :ओमप्रकाश मिश्रा*
शाहगंज (जौनपुर)। जौनपुर के शाहगंज तहसील परिसर में शुक्रवार शाम सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) वाराणसी की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चकबंदी कानूनगो अनिल कुमार को ₹10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, खुटहन थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी श्रीमान सिंह का चकबंदी से संबंधित एक मामला शाहगंज स्थित कार्यालय में लंबित था। उन्होंने मामले में आपत्ति दर्ज कराई थी। आरोप है कि उनकी आपत्ति के पक्ष में अनुकूल रिपोर्ट लगाने के एवज में कानूनगो अनिल कुमार ने ₹10 हजार की रिश्वत की मांग की थी।
रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान, वाराणसी को दी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई गई।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत शुक्रवार शाम करीब छह बजे शिकायतकर्ता शाहगंज तहसील परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास पहुंचा और आरोपी को ₹10 हजार की रिश्वत की रकम सौंप दी। जैसे ही कानूनगो ने रकम स्वीकार की, पहले से सादे कपड़ों में तैनात विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर उसे हिरासत में ले लिया गया।
विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। मामले में आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
