शाहगंज में 28 करोड़ 28.40 लाख का बजट स्वीकृत ,गुरैनी, से मार्टिनगंज सड़क मार्ग का होगा चौड़ीकरण

*शाहगंज में 28 करोड़ 28.40 लाख का बजट स्वीकृत ,गुरैनी, से मार्टिनगंज सड़क मार्ग का होगा चौड़ीकरण*

प्रेम शर्मा

जौनपुर में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव की पहल पर जौनपुर जिले को नए वर्ष में एक बड़ी सौगात मिली है।शाहगंज विकासखंड के गुरैनी, मानीकलां, सोंगर से होकर मार्टिनगंज तक जाने वाले बहुप्रतीक्षित सड़क मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए प्रदेश शासन से 28 करोड़ 28.40 लाख का बजट स्वीकृत किया गया है।यह सड़क मार्ग लगभग 14.800 किलोमीटर (करीब 15 किलोमीटर) लंबा होगा।यह जौनपुर और आजमगढ़ को सीधे गोरखपुर से जोड़ेगा, जिससे इन क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम हो जाएगा।

इस परियोजना से जौनपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के शाहगंज विकासखंड अंतर्गत खेतासराय, खुटहन, गुरैनी और मानीकलां के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। आजमगढ़ मंडल मुख्यालय तक बेहतर और चौड़ी सड़क मिलने से आवागमन के साथ-साथ रोजगार और व्यापार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।

क्षेत्रीय जनता लंबे समय से इस सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग कर रही थी। पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में यह सड़क उपेक्षित रही थी, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने क्षेत्रीय जनता की निरंतर मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र की कई सड़कों के विकास के प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे, जिस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए धनराशि आवंटित करने का निर्देश दिया।

इस संबंध में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के मीडिया प्रतिनिधि मनीष श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया कि यह सड़क आजादी के बाद से अब तक उपेक्षित पड़ी हुई थी। इस परियोजना से क्षेत्र में विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *