जिलाधिकारी कुमार हर्ष द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लम्भुआ का किया गया औचक निरीक्षण

*जिलाधिकारी कुमार हर्ष द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लम्भुआ का किया गया औचक निरीक्षण।*

अशोक कुमार वर्मा
*लम्भुआ सुलतानपुर*

जिलाधिकारी कुमार हर्ष व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी लम्भुआ गामिनी सिंगला द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लम्भुआ का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं यथा- साफ-सफाई, भोजन, पेयजल व्यवस्था,

दवाओं की उपलब्धता, उपस्थिति पंजिका, दवाओं की एक्सपायरी डेट, ओपीडी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, इमरजेन्सी कक्ष, एनआईसीयू वार्ड, औषधि स्टोर रूम आदि का जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी महोदय के निरीक्षण के दौरान सी.एच.सी. अधीक्षक अनुपस्थित पाये गये।

जिलाधिकारी महोदय द्वारा सीएमओ को निर्देशित किया गया कि अधीक्षक के विरूद्ध कार्यवाही कर अवगत करायें। जिलाधिकारी महोदय द्वारा उपस्थिति पंजिका के अवलोकन के दौरान कुल-20 संविदा कर्मियों में से 02 अनुपस्थित, एक मातृत्व अवकाश पर तथा 17 उपस्थित पाये गये। अनुपस्थित कर्मियों के विरूद्ध कड़ी फटकार भी लगायी। इसी प्रकार मरीजों को उपलब्ध कराये जाने वाले भोजन के मेन्यू के बारे में जानकारी प्राप्त की गयी। सम्बन्धित द्वारा कोई जवाब न दे पाने पर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। सी.एच.सी. परिसर में साफ-सफाई व पेयजल की व्यवस्था सही न होने पर सम्बन्धित के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी महोदय को निर्देशित किया गया।जिलाधिकारी महोदय द्वारा औषधि स्टोर रूम निरीक्षण के दौरान फर्मासिस्ट को स्टाक रजिस्टर दिखाने हेतु निर्देशित किया गया, फर्मासिस्ट द्वारा स्टाक रजिस्टर मौके पर उपलब्ध न करा पाने के कारण उसे कड़ी फटकार लगायी गयी। इसी प्रकार जिलाधिकारी महोदय के निरीक्षण के दौरान एनआईसीयू वार्ड, बेबी फीडिंग कक्ष में ताला लगा पाया गया तथा ओपीडी में उपस्थित चिकित्सक से आज देखे गये मरीजों की संख्या के बारे में जानकारी प्राप्त की गयी। चिकित्सक द्वारा अवगत कराया गया कि आज अभी तक कुल 22 मरीजों की ओपीडी की गयी है। जिलाधिकारी महोदय द्वारा एक्स-रे कक्ष निरीक्षण के दौरान सम्बन्धित से प्रतिदिन होने वाले एक्स-रे के बारे में जानकारी प्राप्त की गयी। सम्बन्धित द्वारा अवगत कराया गया कि प्रतिदिन लगभग 20 एक्स-रे किये जाते हैं। जिलाधिकारी महोदय द्वारा सी.एच.सी. के सामने बने रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया गया। उक्त रैन बसेरे में बिस्तर आदि अस्त-व्यस्त होने पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए उसे सही कराने के निर्देश दिये गये। उक्त रैन बसेरे में रहने वाले तीमारदारों के बारे में जानकारी प्राप्त की गयी, तो सम्बन्धित द्वारा अवगत कराया गया कि इसमें वाहन चालक भी सोते हैं निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय द्वारा उपस्थित चिकित्सक को निर्देशित किया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर आने वाले मरीजों व तीमारदारों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने रैन बसेरा व परिसर की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिये। उन्होंने सम्बन्धित को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखे, जिससे मरीजों को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिये भटकना न पड़े।
वहीं निर्माणाधीन रजिस्ट्री ऑफिस की बिल्डिंग का भी औचक निरिक्षण किया और गुणवत्ता की जाँच हेतु 2 ईंट को भी सेम्पल लिया उसके बाद मुरली में धान क्रय केंद्र का भी निरीक्षण किया वहां भी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए जिलाधिकारी जनपद के लिए रवाना हो गए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *