*प्रतापगढ़ अंतू थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंचाई करने गए वृद्ध की धारदार हथियार से हत्या*

*प्रतापगढ़ अंतू थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंचाई करने गए वृद्ध की धारदार हथियार से हत्या*

*पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने घटनास्थल का किया निरीक्षण जांच में जुटी पुलिस*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र के नरी गांव में सिंचाई करने गए एक 61 वर्षीय वृद्ध की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सोमवार को उनका रक्त रंजित शव सरसों के खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर सहित अंतू पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। नरी गांव निवासी राम लखन यादव (61) रविवार को अपने बेटे के साथ घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित गेहूं के खेत में सिंचाई करने गए थे। देर रात उन्होंने अपने बेटे उदय भान को घर वापस भेज दिया और खुद जानवरों से खेत की रखवाली के लिए वहीं रुक गए। आधी रात तक जब राम लखन घर नहीं लौटे, तो परिजन चिंतित हो गए और रात भर उनकी तलाश करते रही सोमवार सुबह तक उनका कोई पता नहीं चला। सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों और परिजनों ने गेहूं के खेत में खून के निशान देखे। पास के सरसों के खेत में राम लखन का शव पड़ा मिला। शव पर सिर सहित शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। हत्या की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। अंतू पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने पुलिस के सामने पूर्व में हुई किसी घटना के आरोपियों पर ही राम लखन की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर और अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल ने भी घटनास्थल का दौरा किया और परिजनों से बातचीत कर जानकारी ली। अंतू पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *