*प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र रानीगंज के अंतर्गत पुलिस और लुटेरों के बीच में मुठभेड़ एक बदमाश के पैर में लगी गोली*
*बुढौ़रा कुंभापुर के पास चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में कुल चार लोग हुए गिरफ्तार*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। एक लुटेरा मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार, चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है। यह मुठभेड़ बुढ़ौरा कुम्भापुर के पास पुलिस चेकिंग के दौरान हुई। गोली लगने से शातिर चोर मिथिलेश केसरवानी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से लवकुश यादव और पवन यादव नामक दो अन्य लुटेरों को भी गिरफ्तार किया। उनका चौथा साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार लुटेरों के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, विद्यालय से चोरी किया गया सामान और घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार जब्त की है। यह कार्रवाई 22 दिसंबर को रानीगंज थाना क्षेत्र के संविलियन विद्यालय चंदीगोविंदपुर में हुई चोरी की घटना से जुड़ी है। रविवार रात चोरों ने विद्यालय को निशाना बनाया था। उन्होंने स्टोर रूम, किचन रूम, आंगनबाड़ी और दो अन्य कमरों सहित कुल पांच कमरों के ताले तोड़ दिए थे। चोर विद्यालय से तीन क्विंटल गेहूं, तीन क्विंटल चावल, बर्तन, आंगनबाड़ी के बच्चों के खेलने का सामान, रजिस्टर और अन्य अभिलेख सहित लाखों रुपये का सामान चुरा ले गए थे। सोमवार सुबह शिक्षक शिव शंकर त्रिपाठी, इम्तियाज अहमद और करुणेश प्रताप जब विद्यालय पहुंचे, तो उन्हें चोरी का पता चला। शिक्षकों ने रानीगंज थाने में तहरीर देकर घटना का खुलासा करने की मांग की है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
