जौनपुर पहुंचे MP के CM मोहन यादव,राज्य मंत्री गिरीशचन्द्र के पिता को दी श्रद्धांजलि

*जौनपुर पहुंचे MP के CM मोहन यादव,राज्य मंत्री गिरीशचन्द्र के पिता को दी श्रद्धांजलि*

प्रेम शर्मा

जौनपुर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव सोमवार को करंजाकला के समसपुर पनियरिया गांव पहुंचे। उन्होंने राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव के पैतृक आवास पर उनके पिता सवधू यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर शोक संवेदना व्यक्त की।वह अपने निर्धारित समय से लगभग दो घंटे 10 मिनट की देरी से यहां पहुंचे।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि अर्पित करने के तुरंत बाद दोपहर एक बजकर 39 मिनट से 2 बजकर आठ मिनट तक मंत्री की माता राजपति देवी से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इसके बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ लंच भी किया। पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि वह महाकाल की धरती से आए हैं और बाबा विश्वनाथ के दर्शन के उपरांत यहां पहुंचे हैं।

गिरीश चंद्र यादव उनके पारिवारिक संबंधी हैं। मुख्यमंत्री ने इसके बाद लगभग दो मिनट तक भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। तय कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर करीब 2 बजकर 11 मिनट पर हेलीपैड के लिए रवाना हो गए।

उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। मंत्री आवास से लगभग 500 मीटर पहले ही सभी बड़े वाहनों को रोक दिया गया था। कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। आवास के चारों ओर रस्सियों से घेरा बनाकर सुरक्षा क्षेत्र निर्धारित किया गया था। इसके बाहर मीडिया कर्मियों और अन्य आगंतुकों को रखा गया।

केवल मंत्री के परिवारवालों को ही उनसे मुलाकात की अनुमति दी गई थी। पूरे कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी आधुनिक तकनीकी संसाधनों के साथ की गई।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। पहले ही घर में बाहरी लोगों का प्रवेश पूरी तरह रोक दिया गया था और सुरक्षा व्यवस्था को भीतर से लेकर प्रवेश द्वार तक सख्त कर दिया गया था।

इस दौरान चार लोग घर के अंदर प्रवेश करना चाहते थे। सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने पूरी सतर्कता बरतते हुए पहले दो व्यक्तियों को मेटल डिटेक्टर से विधिवत जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी। इसके बाद एक 10 वर्षीय बच्ची भी प्रवेश के लिए पहुंची, जिसे महिला पुलिस कर्मियों ने मेटल डिटेक्टर से जांच कर सुरक्षित पाए जाने पर अंदर भेजा।

कुछ देर बाद एक अन्य युवक ने भी मुख्यमंत्री की मौजूदगी के दौरान घर के भीतर जाने का प्रयास किया, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल रोक लिया। पूरी जांच-पड़ताल और संतुष्टि के बाद ही उसे भी प्रवेश की अनुमति दी गई।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के आगमन के दौरान शाहगंज विधायक रमेश सिंह, बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, कृष्ण कुमार जायसवाल, जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!