*सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश*
*********************
*अरुण कुमार जायसवा( जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने जिले में विकास कार्यों और जनसमस्याओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में खुले बिजली के बाक्स पूरी तरह ढके जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। जिन स्थानों पर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि आवश्यक है, वहां तत्काल कार्यवाही कराते हुए क्षमता बढ़ाई जाए। इसके साथ ही जर्जर तार और खंभों को भी तत्काल बदले जाने का निर्देश दिया।
सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि जनप्रतिनिधियों का मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से फीड करें और उनका फोन उठाना सुनिश्चित करें। शिकायतों की अनदेखी की स्थिति में अगली बैठक में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण, जमीन अधिग्रहण, किसानों के भुगतान समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। पॉलिटेक्निक चौराहे पर जलजमाव की समस्या पर सांसद ने नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि स्थिति में सुधार न होने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
टोल प्लाजा से जुड़े मामलों पर भी सांसद ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिया कि टोल प्रबंधन अपनी परिधि के 20 गांवों की सूची चस्पा करें और पास निर्गत करने की जानकारी गांव-गांव तक पंपलेट, होर्डिंग और ग्राम प्रधानों के माध्यम से पहुंचाई जाए। अगली बैठक में जियो टैग फोटो उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही टोल प्लाजा कर्मियों को आगंतुकों से बेहतर व्यवहार करने की हिदायत दी।
रेलवे अधिकारियों की बैठक में अनुपस्थिति पर सांसद ने कड़ी नाराजगी जताई और उनके खिलाफ स्पष्टीकरण जारी करने का आदेश दिया।
बैठक में विधायक जफराबाद जगदीश नारायण राय, मछलीशहर की डॉ. रागिनी सोनकर, शाहगंज के रमेश सिंह, मल्हनी के लकी यादव, मडियाहूँ के डॉ. आरके पटेल, मुंगराबादशाहपुर के पंकज पटेल, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
