जौनपुर: इटहरा बाईपास पर बाइक-स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की मौत

*जौनपुर: इटहरा बाईपास पर बाइक-स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की मौत*

*******************

*संवाद :माता चरण पांडे*

जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र स्थित इटहरा बाईपास के पास बुधवार शाम करीब सात बजे बाइक और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, प्रतापगढ़ जिले के फतनपुर थाना क्षेत्र के रोह खुर्द मदरा गांव निवासी 22 वर्षीय किशन बिंद पुत्र रामसिंह बिंद और 24 वर्षीय रमेश बिंद पुत्र राजबली बिंद बाइक (यूपी 72 बीएम 7971) से जा रहे थे। इसी दौरान इटहरा बाईपास के पास सामने से आ रही स्कूटी (यूपी 62 बीडब्ल्यू 0984) से उनकी सीधी टक्कर हो गई।

 

टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। सतहरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

 

वहीं, हादसे में घायल स्कूटी सवार को उसके परिजन बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज ले गए हैं। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!