जौनपुर: सबमर्सिबल के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से दो मासूमों की मौत, गांव में शोक

*जौनपुर: सबमर्सिबल के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से दो मासूमों की मौत, गांव में शोक*

*******************

*संवाद :माता चरण पांडे*

जौनपुर /बरसठी थाना क्षेत्र स्थित गारोपुर गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

जानकारी के अनुसार, गारोपुर निवासी अच्छेलाल उर्फ पप्पू गौतम ने मंगलवार को सबमर्सिबल पंप लगाने के लिए बोरिंग कराई थी। बोरिंग के दौरान खोदा गया गड्ढा खुला छोड़ दिया गया था, जिसमें बारिश का पानी भर गया था।

 

बुधवार शाम करीब पांच बजे गांव के छह वर्षीय शिवा बिंद (पुत्र वीरेंद्र बिंद) और आरव बिंद (पुत्र अनिल बिंद) खेलते हुए उसी रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान दोनों बच्चे पानी से भरे गड्ढे में गिर गए और बाहर नहीं निकल सके।

 

काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित गड्ढे में दोनों बच्चे पानी और दलदल में फंसे मिले। ग्रामीण तत्काल उन्हें उपचार के लिए कटवार बाजार ले गए, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सुरियावां के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया।

 

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। सूचना पर बरसठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!