कछौरा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में खतौनी अंश निर्धारण अभियान तेज

*कछौरा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में खतौनी अंश निर्धारण अभियान तेज*

 

*भूमि विवादों में कमी आने के साथ-साथ किसानों को राजस्व संबंधी कार्यों में भी मिलेगी सुविधा*

********************

*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

बदलापुर। सिगरामऊ तहसील बदलापुर क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसानों के भूमि संबंधी अभिलेखों को अद्यतन करने एवं उनके अधिकार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खतौनी अंश निर्धारण अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। तहसीलदार योगेश कुमार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम गांव-गांव पहुंचकर अभिलेखों का सत्यापन कर किसानों को उनके अधिकारों के अनुरूप खतौनी उपलब्ध करा रही है।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत कछौरा में तहसीलदार योगेश कुमार स्वयं मौके पर उपस्थित रहे। उन्होंने राजस्व अभिलेखों की जांच के साथ-साथ जमीनी स्थिति का भी सत्यापन किया। जांच के उपरांत हल्का लेखपाल लालचंद पांडे द्वारा पात्र किसानों के नाम खतौनी में अंश निर्धारण की प्रक्रिया पूर्ण कर उनके अधिकार संबंधी अभिलेख उपलब्ध कराए गए।

 

तहसीलदार योगेश कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत रतासी में खतौनी अंश निर्धारण का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष कार्य अंतिम चरण में है, जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अन्य ग्राम पंचायतों में भी अभियान निरंतर जारी है और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी पात्र किसानों का अंश निर्धारण कर उन्हें अद्यतन खतौनी उपलब्ध कराई जाएगी।

 

राजस्व विभाग का यह अभियान किसानों के भूमि संबंधी अधिकारों को स्पष्ट एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे भविष्य में भूमि विवादों में कमी आने के साथ-साथ किसानों को राजस्व संबंधी कार्यों में भी सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!