*प्रतापगढ़ में पुलिस मुठभेड़: हत्या के दो ₹25-25 हजार के इनामी बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। जनपद के जेठवारा थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में वांछित दो ₹25-25 हजार के इनामी अभियुक्तों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक
अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को मौके से दबोच लिया गया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में
अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय एवं क्षेत्राधिकारी सदर करिश्मा गुप्ता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक
नरेन्द्र सिंह तथा स्वाट टीम संयुक्त रूप से वांछित अभियुक्तों की तलाश में अभियान चला रही थी।मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जेठवारा थाना क्षेत्र के गजराही पुलिया, एसएनएस स्कूल के पास घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देख अभियुक्तों ने
पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में चंदेश उर्फ पिंटू वर्मा के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा अभियुक्त तेज
बहादुर उर्फ तेजे को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्त हत्या के मुकदमे में वांछित थे और उनकी गिरफ्तारी पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित था। इससे पहले इसी मामले में एक अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल
भेजा जा चुका है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।
