यूपी एग्रीज योजना के तहत किसानों को मक्का बीज वितरित, जल संरक्षण व संतुलित उर्वरक उपयोग की दी गई जानकारी

*यूपी एग्रीज योजना के तहत किसानों को मक्का बीज वितरित, जल संरक्षण व संतुलित उर्वरक उपयोग की दी गई जानकारी*

********************

*संवाद :अजय पांडेय*

बदलापुर (जौनपुर)। यूपी एग्रीज योजना के अंतर्गत मंगलवार को विकास खंड बदलापुर के ग्राम रूपचन्द्रपुर में किसानों के लिए जागरूकता एवं बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक अश्वनी कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह तथा भूमि संरक्षण अधिकारी द्वितीय कंवलजीत सिंह ने किसानों को मक्का का बीज वितरित किया।

 

इस अवसर पर अधिकारियों ने किसानों को भू-जल संरक्षण, मिट्टी की जांच कराकर खेती करने तथा उर्वरकों का संतुलित एवं समुचित मात्रा में प्रयोग करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों का कम से कम उपयोग करने और जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं एवं सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने खेतों का निरीक्षण (फील्ड विजिट) भी किया तथा किसानों से संवाद कर खेती से संबंधित समस्याओं एवं उनके समाधान पर चर्चा की।

 

इस अवसर पर विषय वस्तु विशेषज्ञ सुनील कुमार सिंह, सहायक विकास अधिकारी (कृषि) रामधनी यादव, सहायक विकास अधिकारी (कृषि रक्षा) अंकित कुमार सिंह, टी.ए.सी. विजय कुमार मणि सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!