जंघई फ्लाईओवर पर शुरू हुआ सड़क मार्किंग कार्य, जल्द मिलेगी जाम की समस्या से राहत

*जंघई फ्लाईओवर पर शुरू हुआ सड़क मार्किंग कार्य, जल्द मिलेगी जाम की समस्या से राहत*

*संवाद: माता चरण पांडे*

मछलीशहर/जंघई। मछलीशहर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जंघई में निर्माणाधीन फ्लाईओवर परियोजना तेजी से अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। फ्लाईओवर पर गार्डर स्थापित करने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद अब निर्माण एजेंसी स्वास्तिक कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा सड़क मार्किंग का कार्य शुरू कर दिया गया है।

 

मार्किंग कार्य शुरू होने से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि फ्लाईओवर का निर्माण जल्द ही पूर्ण होने वाला है। परियोजना के अंतिम चरण में पहुंचने से क्षेत्रीय लोगों में उत्साह का माहौल है और उन्हें जल्द ही यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।

 

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि फ्लाईओवर के चालू होने से जंघई बाजार तथा रेलवे क्रॉसिंग के आसपास लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी। साथ ही मछलीशहर, जौनपुर और वाराणसी की ओर आवागमन करने वाले यात्रियों का सफर अधिक सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध हो सकेगा।

 

क्षेत्रवासियों का मानना है कि शेष औपचारिकताएं पूरी होते ही फ्लाईओवर का लोकार्पण कर इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इसके शुरू होने से लंबे समय से चली आ रही आवागमन संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *