ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद खुले परिषदीय विद्यालय, नवागत बच्चों का किया गया भव्य स्वागत

*ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद खुले परिषदीय विद्यालय, नवागत बच्चों का किया गया भव्य स्वागत*

********************

*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*

सिगरामऊ/जौनपुर, 16 जून। ग्रीष्मकालीन अवकाश के उपरांत मंगलवार से जनपद के कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी परिषदीय विद्यालय पुनः खुल गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के आदेशानुसार 16 जून 2026 से विद्यालयों का संचालन प्रातः 7:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक किया जा रहा है।

विद्यालय खुलने के प्रथम दिन क्षेत्र के मेढ़ा, जमऊपट्टी, कछौरा, फिरोजपुर, रतासी तथा सिगरामऊ सहित विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में नवागत छात्र-छात्राओं का भव्य स्वागत किया गया। शिक्षकों ने बच्चों के मस्तक पर तिलक लगाकर, हाथों में पुष्प देकर तथा मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया। कई विद्यालयों में बच्चों को टॉफियां एवं गुब्बारे भी वितरित किए गए।

प्राथमिक विद्यालय मेढ़ा में प्रधानाध्यापक समरजीत तिवारी, प्राथमिक विद्यालय फिरोजपुर में प्रधानाध्यापिका पुष्पा गुप्ता के साथ संतोष शुक्ला एवं उदयभान मौर्य, प्राथमिक विद्यालय जमऊपट्टी में कमलेश उपाध्याय, प्रदीप सरोज एवं रामजी राम, तथा प्राथमिक विद्यालय कछौरा में प्रधानाध्यापक डॉ. प्रकाश शुक्ला एवं रमेश विश्वकर्मा सहित समस्त स्टाफ ने बच्चों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

 

प्राथमिक विद्यालय सिगरामऊ के प्रधानाध्यापक अजय कुमार पाल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिगरामऊ के प्रधानाध्यापक अनवर अब्बास ने बताया कि भीषण गर्मी एवं छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों के शिक्षण कार्य का समय प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।

 

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार प्रार्थना सभा एवं योगाभ्यास प्रातः 7:30 बजे से 7:40 बजे तक तथा मध्यावकाश प्रातः 10:00 बजे से 10:15 बजे तक रहेगा। वहीं शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी प्रातः 7:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अन्य आवश्यक कार्यों का संपादन करेंगे।

 

विद्यालयों में पहले दिन बच्चों के उत्साह और शिक्षकों के स्वागत भाव ने नए शैक्षणिक सत्र के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *