*आंधी में टूटे तीन बिजली के खंभे, छह दिन से अंधेरे में डूबा गांव; किसानों की बढ़ी परेशानी*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
जौनपुर। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र की ग्राम सभा इनामीपुर के लविदाही गांव में बीते छह दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, 6 जून को आई तेज आंधी और तूफान के दौरान तीन विद्युत पोल टूटकर गिर गए थे, जिससे बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हो गए और पूरे गांव की विद्युत व्यवस्था बाधित हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत संख्या 13062601812 के माध्यम से बिजली विभाग सहित 1912 हेल्पलाइन पर कई बार सूचना देने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। न तो संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) मौके पर पहुंचे और न ही लाइनमैन द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई पहल की गई।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से गांव पूरी तरह अंधेरे में डूबा हुआ है। मोबाइल फोन चार्ज करने जैसी दैनिक आवश्यकताओं के लिए भी लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, धान की नर्सरी तैयार करने के इस महत्वपूर्ण समय में किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। विद्युत आपूर्ति न होने के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे खेती-किसानी पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ कर्मचारियों द्वारा खंभे लगाने के नाम पर धन की मांग की जा रही है, जबकि विभागीय स्तर पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। गांव के निवासी गोली मिश्रा, मठाधीश मिश्रा, सोनू यादव, दयाशंकर मिश्र और गुड्डू मिश्रा ने बताया कि तीनों खंभे अभी भी गिरे पड़े हैं और छह दिनों से पूरे गांव में बिजली नहीं है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेते हुए क्षतिग्रस्त खंभों को बदलकर जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो किसानों और आम ग्रामीणों की समस्याएं और बढ़ सकती हैं। इस विषय में जे. ई. हाफिजुर रहमान से बात की गई तो उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदा है हमने कार्य को तीन भागों में बांटा है जहां कम डैमेजिंग थी वहां की विद्युत सप्लाई युद्ध स्तर पर कार्य कर कुछ ही घंटे में चालू कर दी गई जहां मध्यम स्तर की खराबी थी वहां भी कार्य पूरा कर लिया गया है अब ज्यादा डैमेजिंग वाले क्षेत्रों में हमारे लाइनमैन दिन-रात लगे हैं कार्य चालू है मामला संज्ञान में है शीघ्र ठीक कर लिया जाएगा।
