*प्रतापगढ़ आसपुर देवसरा क्षेत्रांतर्गत फोरलेन पर ट्रक चालक के साथ मारपीट व गाली-गलौज, की घटना को प्रशासन ने लिया संज्ञान*
*पीड़ित की तहरीर पर आसपुर देवसरा पुलिस ने 5 नामजद कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज*
अनिल मिश्र 
प्रतापगढ़ आसपुर देवसरा क्षेत्रांतर्गत नेशनल हाईवे पर ढकवा मोड़ के पास एक ट्रक चालक के साथ दबंगों द्वारा मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। सुल्तानपुर जिले के ग्राम बड़ागांव निवासी सुनील कुमार यादव, जो अपने ट्रक (BR24GD7672) के मालिक और चालक भी हैं, सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे बनारस की तरफ से आ रहे थे। तभी ढकवा जौनपुर हाईवे मोड़ पर एक अन्य ट्रक (BR 24 GD 9966) के चालक ने अचानक उनकी गाड़ी के आगे अपना ट्रक लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि ट्रक रुकते ही चालक और उसके साथी सोनू यादव, मुन्ना यादव, रामचंद्र यादव और राजाराम यादव ने सुनील के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उन्हें बुरी तरह पीटा। शोर सुनकर जब स्थानीय लोग बीच-बचाव के लिए दौड़े, तो हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित सुनील कुमार यादव ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष आसपुर देवसरा राकेश चौरसिया ने उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू करने का निर्देश दिया है।
