रेलवे लाइन पर अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी, पुलिस शिनाख्त में जुटी

*रेलवे लाइन पर अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी, पुलिस शिनाख्त में जुटी*

********************

*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*

सिंगरामऊ। क्षेत्र के केवटली कला गांव से होकर गुजरी रेलवे लाइन पर मंगलवार की देर रात एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि युवती की मौत किसी ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि यह घटना हरपालगंज रेलवे स्टेशन और कोइरीपुर के बीच स्थित केवटली गांव के रेलवे क्रॉसिंग के पास की है।

 

युवती का चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 18 वर्ष, कद करीब 5 फीट बताया जा रहा है। वह पीले रंग की कुर्ती, नीले रंग की लेगी पहने हुए थी तथा उसके पैर में लाल रंग की चप्पल थी।

 

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सैयद हुसैन मुंतजर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *