महाशिवरात्रि पर्व पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

*महाशिवरात्रि पर्व पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़*

*शिव भक्त शिव की प्रिय वस्तुओं से कर रहे अभिषेक*

********************

*संबाद :शिवपूजन मिश्रा*

सिगरामऊ क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रातःकाल से ही क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक और पूजन-अर्चन का क्रम लगातार जारी रहा। श्रद्धालु भक्तिभाव से “ॐ नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ भगवान शिव का अभिषेक करते नजर आए।

फिरोजपुर स्थित स्वयंभू बाबा खंडेश्वर नाथ, सिगरामऊ राजघराने का ऐतिहासिक गौरी शंकर धाम, रतासी चौराहे के समीप स्थित गौरी शंकर मंदिर, तुलापुर में राम कुबेर सेठ व राम कुबेर पुजारी के घर के बगल स्थित बाबा नर्वदेश्वर नाथ मंदिर तथा जमऊपट्टी सहित क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

 

भक्तों ने कच्चा दूध, गंगाजल, शहद और घी से आदि देव भगवान शिव का अभिषेक किया। पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने सफेद पुष्प, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर धूप-दीप जलाए तथा भगवान शिव और माता पार्वती की आरती उतारी। मंदिर प्रांगण में भीड़ अधिक होने के कारण कई श्रद्धालु मंदिर परिसर के बाहर खड़े होकर ही आरती एवं पूजन करते दिखाई दिए।

 

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर एक दिन पूर्व से ही मंदिरों में रामचरितमानस संकीर्तन तथा “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का अखंड जाप जारी है। वातावरण भक्तिमय बना हुआ है और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह देखने को मिल रहा है। सिंह सुरक्षा की दृष्टिकोण से थाना सिगरामऊ प्रभारी सैयद हुसैन मुंतज़र ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं

 

रुद्राभिषेक के प्रकांड विद्वान आचार्य अरविंद उपाध्याय ने बताया कि देवाधिदेव भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए रात्रि जागरण, शिव चालीसा का पाठ तथा शिव भजनों और शिव महापुराण की कथा का श्रवण अत्यंत फलदायी माना जाता है। उन्होंने कहा कि यह सरल और प्रभावी विधि मानसिक बल को बढ़ाती है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।

 

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और उत्साह का विशेष माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *