*जौनपुर: बदलापुर की दो प्रतिभाओं ने PCS में लहराया परचम, क्षेत्र में खुशी की लहर*
********************
*संवाद :अजय पांडे*
जौनपुर जनपद के बदलापुर क्षेत्र की दो प्रतिभाओं ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। परिणाम घोषित होते ही पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।
बदलापुर क्षेत्र के श्री गणेश राम इंटर कॉलेज बटाऊवीर शाहपुर के प्रिंसिपल अनिल कुमार की भतीजी प्रतिभा यादव ने पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर पंचायत राज अधिकारी का पद हासिल किया है। प्रतिभा, पूर्व जेल अधीक्षक शिवकुमार यादव की पुत्री हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक पाठशाला अलाउद्दीनपुर से शुरू हुई। इसके बाद उन्होंने राजदेई बालिका इंटर कॉलेज से जूनियर हाईस्कूल तथा राजकीय इंटर कॉलेज इटावा से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। आगे चलकर उन्होंने लखनऊ से बीटेक किया और दिल्ली में रहकर पीसीएस की तैयारी की। तीसरे प्रयास में साक्षात्कार उत्तीर्ण कर उन्होंने यह सफलता अर्जित की। वर्तमान में वह पीसीएस 2025 की मुख्य परीक्षा भी दे रही हैं।
वहीं, बदलापुर विकासखंड के गजेन्द्रपुर गांव निवासी हिमालय सिंह ने 82वीं रैंक हासिल कर नायब तहसीलदार का पद प्राप्त किया है। वह नोडल संकुल शिक्षक अजय कुमार सिंह के पुत्र हैं। हिमालय ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय से प्राप्त की तथा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट श्री बजरंग इंटर कॉलेज घनश्यामपुर से उत्तीर्ण किया। इसके बाद उन्होंने प्रयागराज से बीए की पढ़ाई पूरी कर वहीं रहकर पीसीएस की तैयारी की। दूसरे प्रयास में ही सफलता पाकर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
दोनों सफल अभ्यर्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्रवासियों के सहयोग को दिया है। उनकी सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
बदलापुर क्षेत्र की इन दोनों प्रतिभाओं की सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है।
