*जमऊपट्टी-फिरोजपुर में अधूरी नहर पटरी का निर्माण कार्य शुरू, ग्रामीणों में खुशी*
********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ क्षेत्र के जमऊपट्टी-फिरोजपुर नहर पटरी संपर्क मार्ग का बहुप्रतीक्षित निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। यह कार्य क्षेत्रीय विधायक रमेश मिश्रा के प्रयासों से प्रारंभ हुआ है, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
बताया जाता है कि करीब एक किलोमीटर लंबी यह नहर पटरी सड़क लंबे समय से अधूरी पड़ी थी और जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी। इसे लेकर क्षेत्र के लोगों द्वारा लगातार मांग उठाई जा रही थी। डंडारी, फिरोजपुर, तुलापुर, रामीपुर सहित दर्जनों गांवों के लोगों के लिए सिगरामऊ-रतासी आने-जाने का यह मुख्य मार्ग है।
नहर पटरी के किनारे स्थित ओम पब्लिक स्कूल के बच्चों को भी इस जर्जर मार्ग के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। खासकर बरसात के दिनों में साइकिल से स्कूल पहुंचना बेहद कठिन हो जाता था।
निर्माण कार्य शुरू होते ही आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है। क्षेत्रीय लोगों ने विधायक रमेश मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया है। धन्यवाद देने वालों में प्रधानाध्यापक डॉ. प्रकाश शुक्ला, संतोष शुक्ला, विद्याकांत शुक्ला, रमेश खरवार, हृदय नारायण, विवेक (बीडीसी), ग्राम प्रधान दिनेश मिश्रा, गिरीश चंद्र मिश्रा, दिनेश शुक्ला, संतोष राम सहित कई ग्रामीण शामिल हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
