*लूट के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पथराव, दो घायल*
********************
*संवाद: प्रेम शर्मा*
बक्शा। बक्शा थाना क्षेत्र के बीरभानपुर गांव में गुरुवार की रात लूट के आरोपित को पकड़ने गई एसओजी टीम व पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कई पुलिस वाहनों को क्षति पहुंची है।
जानकारी के अनुसार सिकरारा थाना के इंस्पेक्टर उदय प्रताप सिंह एसओजी टीम के साथ रात करीब साढ़े नौ बजे बीरभानपुर गांव की अनुसूचित बस्ती में लूट के मामले के आरोपित पंकज गौतम की गिरफ्तारी के लिए पहुंचे थे। बताया जाता है कि आरोपित के दादा पन्ना की तेरहवीं शुक्रवार को प्रस्तावित है, जिसके चलते घर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
पुलिस टीम के पहुंचते ही ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे। पथराव में एसओजी के सिपाहियों सहित सिकरारा थाने के उपनिरीक्षक विनोद सिंह घायल हो गए।
उधर, सूचना पर पहुंचे बक्शा थाना के थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के वाहन का शीशा भी तोड़ दिया गया। स्थिति बिगड़ने पर करीब आधा दर्जन थानों की फोर्स गांव में पहुंची और हालात पर काबू पाया।
पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
