कृष्ण जन्म की कथा सुन श्रोता हुए भाव-विभोर

*कृष्ण जन्म की कथा सुन श्रोता हुए भाव-विभोर*

 

*जन्म से पूर्व ही भगवान ने माता-पिता को किया बंधन मुक्त*

********************

*संवाद: तीखी आवाज*

जौनपुर। पट्टी नरेंद्रपुर क्षेत्र के उपाध्यायपुर गांव में प्रेमचंद शर्मा के यहां आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा व्यास परम पूज्य महाराज अश्वनी पाठक ने अपनी अमृतमयी वाणी से श्रीकृष्ण जन्म की दिव्य कथा का रसपान कराया, जिसे सुनकर श्रोता भक्त भाव-विभोर हो उठे।

 

कथा के दौरान महाराज अश्वनी पाठक ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने धरती पर अवतरण से पूर्व ही अपने माता-पिता को बंधन मुक्त कर दिया था। इससे यह संदेश मिलता है कि जो भी भक्त भगवान की शरण में जाकर कथा श्रवण करता है, प्रभु उसे भी समस्त बंधनों से मुक्त कर सद्गति प्रदान करते हैं।

 

कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य झांकी निकाली गई। उपस्थित श्रद्धालु महिलाओं ने सोहर गीत गाते हुए नृत्य किया और झांकी पर पुष्पवर्षा की। भगवान के जन्म के समय वातावरण अत्यंत भक्तिमय और मनोरम हो गया।

 

महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर नृत्य-गान करने वाले भक्तों को 84 लाख योनियों में भटकना नहीं पड़ता। कार्यक्रम के अंत में आचार्य अरविंद कुमार उपाध्याय एवं आशीष कुमार उपाध्याय ने मंत्रोच्चार के साथ भगवान की मंगल आरती की, जिसके पश्चात प्रसाद का वितरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *