*जौनपुर में हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए ब्लैकआउट मॉकड्रिल*
*10 मिनट तक रहा पूर्ण प्रकाश प्रतिबंध, सिविल डिफेंस ने किया अभ्यास*
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। शुक्रवार की शाम हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए जौनपुर में 10 मिनट का ब्लैकआउट अभ्यास किया गया। शाम 6 बजे से 6:10 बजे तक पूरे शहर में पूर्ण प्रकाश प्रतिबंध लागू रहा। इस मॉकड्रिल का उद्देश्य संभावित हवाई हमले की स्थिति में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
यह अभ्यास सिविल डिफेंस जौनपुर की ओर से पुलिस लाइन मैदान, कलेक्ट्रेट क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों और पूरे शहर में आयोजित किया गया। इस दौरान विद्युत आपूर्ति बंद रखी गई तथा आपातकालीन बचाव और राहत से जुड़ी व्यवस्थाओं का अभ्यास किया गया। मॉकड्रिल के दौरान सायरन भी बजाए गए, जिससे वास्तविक आपात स्थिति का वातावरण तैयार किया गया।
प्रशासन ने पहले ही नागरिकों से अपील की थी कि निर्धारित समय के दौरान अपने घरों और प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद रखें, ताकि बाहर किसी भी प्रकार का प्रकाश दिखाई न दे। लोगों को घरों के भीतर ही रहने, माचिस, लाइट या टॉर्च का उपयोग न करने और सतर्कता बरतने की सलाह दी गई थी।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने स्वयं मॉकड्रिल में भाग लिया और घायल लोगों को सुरक्षित स्थान तक ले जाने के अभ्यास का निरीक्षण किया। नागरिक सुरक्षा के चीफ वार्डन डॉ. मनोज वत्स ने बताया कि यह ब्लैकआउट मॉकड्रिल स्वयंसेवकों, पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के समन्वय से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
