सीईआईआर पोर्टल की मदद से जौनपुर साइबर क्राइम थाना ने 75 गुमशुदा मोबाइल किए बरामद

*सीईआईआर पोर्टल की मदद से जौनपुर साइबर क्राइम थाना ने 75 गुमशुदा मोबाइल किए बरामद*

*********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। साइबर क्राइम थाना जौनपुर ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से 75 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। इन मोबाइल फोनों का कुल बाजार मूल्य लगभग 14 लाख रुपये आंका गया है। गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मोबाइल स्वामियों को उनके फोन वापस किए गए।

 

एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि गुमशुदा मोबाइलों से संबंधित थानों में प्राप्त प्रार्थना पत्रों एवं सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर साइबर क्राइम थाना जौनपुर की टीम द्वारा कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप इन मोबाइलों की बरामदगी संभव हो सकी। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 1019 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके मालिकों को वापस किए जा चुके हैं।

 

बरामद किए गए 75 मोबाइल फोन में से 20 फोन दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे अन्य राज्यों से ट्रेस किए गए, जबकि उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, प्रतापगढ़, बलिया, भदोही और उन्नाव जनपदों से 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

 

इन मोबाइलों में वन प्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग जैसी प्रमुख कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं।

 

इस अवसर पर नोडल साइबर क्राइम एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम देवेश सिंह ने मोबाइल स्वामियों को फोन वितरित किए।

 

एसपी सिटी ने आम जनता से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में सबसे पहले नजदीकी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराएं, उसके बाद सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत अवश्य करें। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए जन-जागरूकता को बेहद आवश्यक बताया।

 

उन्होंने बताया कि किसी भी साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा लोग अपने नजदीकी थाने की साइबर हेल्पडेस्क से भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *