स्वाधीन सिंह उर्फ छोटू हत्याकांड में दो सगे भाइयों पर मुकदमा, गिरफ्तारी को चार टीमें गठित

*स्वाधीन सिंह उर्फ छोटू हत्याकांड में दो सगे भाइयों पर मुकदमा, गिरफ्तारी को चार टीमें गठित*

*********************

*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के बबुरा गांव में मंगलवार रात हुई स्वाधीन सिंह उर्फ छोटू (23) की गोली मारकर हत्या के मामले में गांव के ही दो सगे भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मृतक की मां सीमा सिंह की तहरीर पर मृदुल कुमार सिंह उर्फ सोनू और अश्वनी सिंह उर्फ मोनू को नामजद किया गया है।

 

एफआईआर के अनुसार स्वाधीन सिंह उर्फ छोटू गांव में एक मृत्यु भोज में गया था, जहां से लौटते समय उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, बाद में निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तहरीर में जमीन से जुड़े पुराने विवाद और पंचायत चुनाव की रंजिश को हत्या का कारण बताया गया है।

 

हत्या के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर चार टीमें गठित की गई हैं। क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार तिवारी के नेतृत्व में बदलापुर पुलिस, खुटहन थाना पुलिस, सर्विलांस और स्वाट टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

 

उल्लेखनीय है कि स्वाधीन सिंह उर्फ छोटू बदलापुर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर था, जिस पर जिले के विभिन्न थानों में 23 से अधिक मुकदमे न्यायालय में विचाराधीन हैं। घटना से गांव में दहशत का माहौल है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *