सारनाथ में पकड़ा गया दुर्दांत अपराधी अजय उर्फ विजय

*सारनाथ में पकड़ा गया दुर्दांत अपराधी अजय उर्फ विजय*

 

*लंबे आपराधिक इतिहास से दहशत*

*********************

संवाद:

वाराणसी। सारनाथ पुलिस ने कुख्यात अपराधी अजय उर्फ विजय को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। अजय उर्फ विजय बेहद शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।

 

जानकारी के अनुसार 2 मई 2022 को लखनऊ में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में प्रॉपर्टी डीलर और टीटीई विजयशंकर सिंह को गोली मार दी गई थी। इस मामले में घायल विजयशंकर सिंह ने अजय सिंह सहित छह से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

 

इससे पहले 13 सितंबर 2007 को वाराणसी के पांडेयपुर इलाके में सरकारी चिकित्सक डॉ. डीपी सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य हत्याकांड में भी अजय सिंह को आरोपी बनाया गया था।

 

अजय का आपराधिक सिलसिला यहीं नहीं रुका। वर्ष 2012 में गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र में सराफा कारोबारी भाइयों को गोली मारकर लाखों रुपये की लूट की घटना को भी अंजाम दिया गया, जिसमें अजय सिंह की संलिप्तता सामने आई थी।

 

अप्रैल 2013 में वाराणसी कैंट पुलिस ने अजय को 9 एमएम की पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था, हालांकि कुछ माह बाद वह जमानत पर रिहा हो गया था। सितंबर 2022 में चंदौली की अदालत में उसने गैंगस्टर एक्ट के पुराने मामले में सरेंडर किया था। उस समय वह एक लाख रुपये का इनामी अपराधी घोषित था। इसके बाद उसे वाराणसी जिला कारागार भेजा गया था।

 

कब और किन परिस्थितियों में वह जेल से बाहर आया, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है, लेकिन एक बार फिर उसकी गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है। फिलहाल सारनाथ पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क व अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *