प्रतापगढ़: रानीगंज सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 200 फरियादियों की समस्याएं, 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण*
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय*
प्रतापगढ़। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में शनिवार, 17 अक्टूबर को तहसील रानीगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे 200 फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। इनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 104 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा पुलिस विभाग की 66, विकास विभाग की 11 तथा अन्य विभागों की 19 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उस पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायतों का समाधान समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से किया जाए, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने कहा कि केवल शिकायतों का निस्तारण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कार्रवाई गुणवत्तापूर्ण हो और शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिले। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों की जांच कर निर्धारित समयसीमा में उचित कार्रवाई करें सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने भूमि संबंधी विवादों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर संबंधित स्थल पर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष एवं शीघ्र निस्तारण कराया जाए, जिससे विवादों का स्थायी समाधान हो सके और पीड़ितों को न्याय मिल सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। विशेष रूप से गरीब और जरूरतमंद लोगों को योजनाओं से वंचित न रहने दिया जाए। इसके लिए संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी रानीगंज अनुराग सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

