प्रतापगढ़ : जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, वृद्ध दयाशंकर वर्मा की मौत*
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में किया मुकदमा दर्ज*
प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र आसपुर देवसरा के बाभनपुर गांव में जमीन की पुरानी रंजिश को लेकर बृहस्पतिवार सुबह खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि लाठी-डंडे और सरिया से लैस विपक्षियों ने एक युवती के साथ मारपीट की। उसे बचाने पहुंचे पिता और भाई पर भी हमला कर दिया गया। मारपीट में 62 वर्षीय दयाशंकर वर्मा, उनके बेटे धर्मराज समेत चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दयाशंकर वर्मा को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, बेटे धर्मराज की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
*बेटी को बचाने पहुंचे पिता-पुत्र पर हमला*
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, बाभनपुर निवासी रमराजी देवी पत्नी दयाशंकर वर्मा ने आरोप लगाया कि 15 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे उनकी पुत्री शौच के लिए जा रही थी। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गांव के चंद्रभान वर्मा, इंद्रभान वर्मा, वंदिता वर्मा, सीमा वर्मा और राजेश ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और सरिया से युवती की पिटाई शुरू कर दी। शोर सुनकर उसके पति दयाशंकर वर्मा और पुत्र धर्मराज उसे बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया।
*गंभीर चोट लगने से वृद्ध की मौत*
आवेदिका के मुताबिक, हमले में दयाशंकर वर्मा के हाथ-पैर टूट गए और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। मारपीट में धर्मराज तथा दो महिलाएं भी घायल हुईं। घटना के बाद आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देकर चले जाने का आरोप है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। हालत गंभीर होने पर दयाशंकर वर्मा और उनके बेटे धर्मराज को जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान दयाशंकर वर्मा की मौत हो गई, जबकि धर्मराज का इलाज जारी है। वृद्ध की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
*पांच नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज*
थाना आसपुर देवसरा पुलिस के अनुसार, रमराजी देवी की लिखित शिकायत के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 274/2026 दर्ज किया गया है। मामले में चंद्रभान वर्मा, इंद्रभान वर्मा पुत्रगण रामआसरे वर्मा, वंदिता वर्मा और सीमा वर्मा पुत्रियां रामआसरे वर्मा तथा राजेश पुत्र राममूरत वर्मा, सभी निवासी बाभनपुर, को नामजद किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जमीन की पुरानी रंजिश में हुई इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों तथा जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

