प्रतापगढ़: नवरात्रि पर खाद्य विभाग की ई-कॉमर्स प्रतिष्ठानों में छापेमारी*
ब्लिंकिट से कुट्टू का आटा, रोजाना प्रतिष्ठान से हल्दी पाउडर का नमूना लिया गया*
प्रतापगढ़, 14 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि पर्व के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को खाद्य विभाग की टीम ने नगर क्षेत्र में संचालित ई-कॉमर्स प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दो खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। दोनों नमूनों को जांच एवं विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-द्वितीय अभय कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने यह कार्रवाई की। टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों के तहत प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने एकत्र किए। अभियान के दौरान बलीपुर कचहरी रोड स्थित ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड (ब्लिंकिट) के खाद्य प्रतिष्ठान से महालक्ष्मी ब्रांड के कुट्टू के आटे का एक नमूना लिया गया। वहीं, कटरा रोड स्थित रोजाना रूरल कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिष्ठान से हिल्टन ब्रांड के हल्दी पाउडर का नमूना संग्रहित किया गया।
*प्रयोगशाला की रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई*
खाद्य विभाग की टीम ने दोनों नमूनों को जांच एवं विश्लेषण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया की है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण एवं बिक्री में किसी भी प्रकार की अनियमितता और मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सचल दल के संजय कुमार, नन्हकू, शहाब उद्दीन सिद्दीकी, डॉ. शमशुन नेहा सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।
